- बारिश के चलते सभा स्थल पर भरा पानी, हैलीपेड स्थल की भी हालत हुई खराब
शामली। बारिश के चलते प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का शहर में होने वाला कार्यक्रम रद्द हो गया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को रविवार को शहर के वीवी इंटर काॅलेज में एक जनसभा में संबोधित करना था।
उप मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा था। भाजपाइयों में भी उत्साह था। लेकिन शनिवार की रात मौसम के खराब होने व रविवार की सुबह तेज बारिश के चलते कार्यक्रम स्थल पर पानी भर जाने के चलते डिप्टी का आगमन रद्द करना पडा। सुबह के समय भाजपा नेता और कार्यकर्ता वीवी इंटर काॅलेज स्थित जनसभा पर पहुंचे और व्यवस्था का जायजा लिया। मैदान की हालत को देखते हुए भाजपा नेताओं के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी परेशान नजर आए। यही नहीं उपमुख्यमंत्री को हेलीकाप्टर से आना था, जिसके लिए राष्ट्रीय पीजी कालेज में हैलीपेड बनाया गया था। लेकिन बारिश के चलते उसकी स्थिति को लेकर भी प्रशासन के हाथ पांव फूले नजर आए। गनीमत रही कि गाजियाबाद से शामली तक का मौसम खराब होने के कारण उपमुख्यमंत्री का दौरा शासन स्तर से ही निरस्त हो गया। डिप्टी सीएम का कार्यक्रम रद्द होने की सूचना पर भाजपाइयों में मायूसी नजर आई।
बिजली का करंट लगने से दो गोवंशों की मौत, दो गंभीर
- रेलपार में हुआ हादसा, मोहल्लेवासियों में विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश
फोटो
शामली। शहर के मोहल्ला रेलपार में बिजली का करंट लगने से दो गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य झुलस गए जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों न मामले की जानकारी विद्युत विभाग को दी। जिसके बाद आपूर्ति बंद कराई गई।
मोहल्ला रेलपार डाॅ. तेजसिंह के नर्सिंग होम के निकट चार बेसहारा गोवंश बारिश के दौरान खाने की तलाश में घूम रहे थे। इसी बीच चारों गोवंश सड़क किनारे लगे एक विद्युत खंभे के निकट जैसे पहुंचे, तभी अचानक वे खंभे से टकरा गए। जिसे उन्हें बिजली का तेज झटका लगा। जिससे दो गोवंशों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने विद्युत विभाग को सूचना दी, जिसके बाद आपूर्ति बंद कराई गई। घटना को लेकर मोहल्लेवासियों में भी आक्रोश फैल गया। उन्होंने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार विद्युत खंबों पर टेपिंग अथवा पन्नी लगाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं दूसरी ओर कैराना क्षेत्र के गांव भूरा निवासी किसान साजिद सुबह 10 बजे अपनी बैल बुग्गी लेकर खेत जा रहा था। इसी दौरान गांव के अंदर गोले वाली मस्जिद के निकट बारिश के कारण जलभराव हो रहा था। पास में खड़े विद्युत खंभे में अचानक करंट उतरा उतर गया। जिसके बाद करंट की चपेट में आने से बैल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि किसान की जान बाल-बाल बची। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र पर फोन कर लाइट को बंद कराया। पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की हैं।
झमाझम बारिश से गर्मी से राहत, शहर हुआ जलमग्न
- मकानों व दुकानों में घुसा पानी, लोगों को झेलनी पड़ी मुसीबत
- कई स्थानों पर घुटनों तक भरा पानी, तेज बारिश से उफान पर आए नाले
फोटो
शामली। दो दिन तेज बारिश से जहां लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। तेज बारिश से शहर में कई जगह घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश का पानी लोगों की दुकानों व घरों में जा घुसा। जिससे हजारों रुपये का सामान भी नष्ट हो गया। बारिश से शहर के नाले भी उफान पर आ गए। लोगों को बाल्टी लेकर अपने घरों व दुकानों से पानी निकालना पड़ा।
कई दिन के चलते भीषण गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया था। शनिवार की रात मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। रविवार की तडके करीब 3 बजे तेज बारिश हुई जो कुछ देर बाद थम गई। सुबह करीब 6 बजे एक बार फिर तेज बारिश शुरु हुई। जिससे थोड़ी ही देर में शहर में जलभराव की स्थिति बन गई। शहर के माजरा रोड, टंकी रोड, नेहरु मार्किट, गोशाला रोड, मिल रोड, कबाड़ी बाजार, कैराना रोड, झिंझाना रोड, सुभाष नगर और पंसारियान व नई बस्ती में सड़कों पर पानी भर गया। दुकानों में पानी भरने से दुकानदारों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। किरोड़ी मार्ग, ब्रिगेडियम होशियार सिंह इंटर कॉलेज के पीछे, बुढ़ाना रोड, गोहरनी, सिलावर आदि मार्गों पर बने रेलवे के अंडरपासों में पानी भर गया। इसके चलते वाहन चालक परेशान रहे। उन्हें जलभराव से होकर ही अपने वाहनों को लेकर जाना पड़ा।
बारिश के चलते शहर के गंदे नाले भी उफान पर आ गए। वहीं बिजली आपूर्ति भी घंटों ठप रही। बारिश से लोगों ने भी भीषण गर्मी से राहत पाई। पूरे दिन मौसम खुशगवार बना रहा। रह-रहकर बूंदाबांदी होती रही। दिन का तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि आगामी कुछ और दिन बारिश होने की संभावना है।
-
सतर्क होता विद्युत विभाग तो नहीं जाती बालक की जान
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। मुंडेट कलां गांव में बारिश के चलते एक खंभे से लटके तार में उतरे विद्युत तार की चपेट में आने से हुई बालक की मौत पर गांव वालों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि विद्युत विभाग सतर्क होता तो बालक की जान नहीं जाती।
बंटी सिंह के पुत्र सात वर्षीय हनी सिंह की बारिश में लटके तार में करंट प्रवाहित होने से हुई मौत को लेकर गमजदा परिजनों के साथ ही ग्रामीण भी गुस्से में है। घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा और पुलिस को भी बुला लिया। हालांकि आर्थिक मदद और लटके तारों को तुरंत ठीक कराने के आश्वासन पर ग्रामीण और परिजन शांत हो गए। लेकिन अभी भी वह पूरी तरह इस घटना के लिए विद्युत विभाग को लापरवाह मान रहे हैं। मृतक हनी सिंह के पिता बंटी सिंह सहित ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने कई बार इस लटके हुए तार में करंट होने और उसे ठीक करने की मांग विभागीय अधिकारियों से की थी। लेकिन किसी ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया। यदि समय रहते इसे सुधार दिया जाता तो उनके मासूम बच्चे की जान नहीं जाती।