बाइक छोड़कर एलपीजी सिलिंडर ले गया युवक
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णा नगर में गैस एजेंसी के डिलीवरी ब्वाय से बाइक सवार युवक गैस से भरा सिलिंडर ले गया। युवक बिना नंबर की बाइक मौके पर छोड़ गया। बाइक चोरी की होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शामली गैस सर्विस पर गांव खेड़ी बैरागी निवासी नरेंद्र कुमार घरों पर गैस सिलिंडर की सप्लाई करता है। बुधवार की दोपहर नरेंद्र गैस गोदाम से टाटा मैजिक में सिलिंडर लादकर शहर के मोहल्ला कृष्णानगर में सप्लाई करने गया था। उसी समय बाइक पर सवार होकर युवक उसके पास पहुंचा और बताया कि उसने कई दिन पहले गैस की बुकिंग कराई थी, लेकिन सिलिंडर नहीं पहुंचा। युवक ने कहा कि उसकी बाइक यहीं खड़ी है, वह ई-रिक्शा में सिलिंडर लेकर घर जा रहा है और वहां से खाली सिलिंडर व रुपये लेकर आ रहा है। इसके बाद युवक बिना नंबर की बाइक को छोड़कर सिलिंडर ले गया। इसके बाद वह वापस नहीं आया। युवक की तलाश की गई लेकिन उसका पता नहीं चल सका। नरेंद्र ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।