संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज में एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत फसलों से संबंधित विषय पर जनपद स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें लक्ष्यदीप और सौरभ कुमार ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया।
कॉलेज में मंगलवार को आयोजित प्रतियोगिता के बारे में प्रधानाचार्य कैप्टन लोकेंद्र कुमार ने प्रतिभागियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की गतिविधियों के संबंध में सहभागी राज्यों अरुणाचल प्रदेश व मेघालय में फसलों एवं बागवानी के बारे में जानकारी देना है। इन राज्यों में बागवानी में सेब, अनानास, केला, कीवी आदि फसलों की खेती की जाती है। मसालों में इलायची, काली मिर्च, अदरक के अतिरिक्त अन्य फसलों में ज्वार, मक्का, सरसों, धान की खेती भी होती है। सब्जियों में लौकी, बीन, कद्दू, आलू, अरबी आदि तथा दालों में राजमा व सोयाबीन की खेती की जाती है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि इन्हीं विषय को लेकर प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम कराया गया। प्रतियोगिता में समान अंक लाने पर राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज के छात्र लक्ष्यदीप व सौरभ कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरा स्थान हिंदू कन्या इंटर कॉलेज शामली की छात्रा गरिमा ने प्राप्त किया जबकि तीसरे स्थान पर राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज शामली की छात्रा बीना सरोहा रही। प्रतियोगिता कृषि प्रवक्ता सत्येंद्र सिंह के निर्देशन में कराई गई। निर्णायक मंडल में आशीष कुमार, पुष्पेंद्र हुड्डा व पारुल मलिक रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न कॉलेजों के 32 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।