- शनिवार को बंदी के दौरान श्रम विभाग की टीम की छापेमारी से हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। शनिवार को श्रम विभाग की छापेमारी से कस्बे में हड़कंप मच गया। इस दौरान टीम ने कई दुकान खुली मिलने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया।
श्रम आयुक्त संतोष अग्रहरि कस्बे में पहुंचे। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे निकट मेन बाजार का निरीक्षण किया। कुछ दुकानदारों की दुकानें खुली हुई थी। श्रम आयुक्त की टीम को देखकर दुकानों के शटर बंद कर दिए गए। टीम ने मेन बाजार में किरयाना स्टोर, गोविंद शूज स्टोर व अन्य दो दुकानों को खुली पाए जाने पर उनकी वीडियो बनाते हुए दुकान खोलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आरोप है कि कुछ दुकानदारों की दुकानें खुली पाए जाने पर भी श्रम विभाग के अधिकारियों ने उन दुकानदारों से सांठगांठ कर नोटिस जारी नहीं किए। एक दुकानदार ने टीम को दूर से देख अपने को शटर के अंदर बंद कर लिया। टीम के जाने के बाद फिर से दुकान खोल ली गई। साप्ताहिक बंदी में अन्य बाजार में कुछ दुकानदार साप्ताहिक बंदी का मखौल उड़ा रहे हैं। श्रम विभाग की टीम हाईवे के निकट ही कार्रवाई करती है। इससे दुकानदारों में भी भेदभाव बना हुआ है। कुछ दुकानदारों का कहना है कि साप्ताहिक बंदी का पूरी तरीके से पालन होना चाहिए, जो दुकान साप्ताहिक बंदी में खोली जा रही है उनपर खरीददारी के लिए ग्राहकों की भीड़ रहती है।
नकदी न आने से ग्राहक परेशान
जलालाबाद। पंजाब नेशनल बैंक शाखा में ओरिएंट बैंक शाखा का भी विलय कर दिया गया था। तब से खाताधारकों की संख्या पहले से कई गुना अधिक हो चुकी है। बैंक परिसर में बैंक खुलते ही खाताधारकों की भीड़ बैंक समय तक मौजूद रहती है। शनिवार में सुबह से ही खाताधारकों की भीड़ बैंक में मौजूद रही। लेकिन उन खाता धारकों को सुबह ही खाते से बिना रकम लिए ही निराश लौट जाना पड़ा, क्योंकि बैंक में चेस्ट से पैसा नहीं पहुंचा।