ग्राम खानपुर दिल्ली देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर हाईवे निरीक्षण के दोरान किसानो से वार्ता करते
शामली। दिल्ली- देहरादून ग्रीन फील्ड इकॉनमिक कॉरिडोर का निरीक्षण करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के सचिव अनुराग जैन पहुंचे। उन्होंने उत्तराखंड के देहरादून से लेकर बागपत के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे तक दौरा करके निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने काॅरिडोर के सभी फेस की निर्माण एजेंसियों के ठेकेदारों से बैठक लेकर जल्दी कार्य पूरा करने के निर्देश दिए और किसानों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण किया।
शनिवार को सचिव अनुराग जैन दिल्ली- देहरादून ग्रीन फील्ड इकॉनमिक कॉरिडोर का उत्तराखंड के देहरादून से निरीक्षण करते हुए शामली जिले के खानपुर गांव में पहुंचे। एनएचएआई बागपत की ओर से खानपुर गांव में एक्सप्रेसवे के शिविर में यूपी के सभी फेस के ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि 30 अगस्त 2024 तक दिए गए निर्धारित लक्ष्य तक दिल्ली- देहरादून ग्रीन फील्ड इकॉनमिक कॉरिडोर का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा। डेढ़ घंटे की बैठक के बाद सचिव से दिल्ली- देहरादून किसान संघर्ष समिति के सचिव विदेश मलिक के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल मिला। किसानों ने मुजफ्फरनगर जिले के राजपुर छाजपुर से लेकर थानाभवन क्षेत्र के ख्यावड़ी तक एक्सप्रेसवे के दोनों ओर सर्विस लेन निर्माण करने की धनराशि आवंटित करने और किसानों का मुआवजा संबंधी परसंपत्ति संबंधी समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की। इसके बाद सचिव अनुराग जैन ने खानपुर गांव से लांक, करौदा महाजन के बाद बागपत जिले तक ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे तक निरीक्षण किया। इस मौके पर एनएचएआई बागपत के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह, डिप्टी मैनेजर पीयूष व कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं किसानों के प्रतिनिधि मंडल में योगेंद्र प्रधान, विजेंद्र सिंह, संजीव प्रधान, सहदेव सिंह, गुरु दयाल, प्रमोद जागलान, कपिल प्रधान मौजूद रहे।