संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है। शामली जिले से होकर हरियाणा व राजस्थान के कांवड़ियों के गुजरने का सिलसिला शुरू हो गया है। कांवड़ियों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी की है। सीएचसी शामली में उनके लिए अलग से छह बेड का वार्ड तैयार किया है। इसके अतिरिक्त उपचार के लिए बूथों पर भी मेडिकल किट भेजी गई हैं। इनमें सभी आवश्यक दवा उपलब्ध कराई गई हैं।
कांवड़ियों को किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या न हो। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी की है। सीएचसी शामली के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रामनिवास ने बताया कि सीएचसी में छह बेड का वार्ड तैयार किया गया है। यदि किसी कांवड़िये को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है तो इस वार्ड में भर्ती किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांवड़ियों के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन और कैराना रोड पर पूर्वी यमुना नहर पुल के निकट दो बूथ बनाए गए हैं। जिन पर स्वास्थ्यकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी रहेगी। बूथों पर मेडिकल किट उपलब्ध कराई जाएंगी। जिनमें सभी आवश्यक दवा रहेंगी। मेडिकल किट में एंटी रेबीज और एंटी स्नेक इंजेक्शन के अतिरिक्त बदन दर्द, पेट दर्द, गैस, बुुुखार, नजला, जुकाम, खांसी, मल्टी विटामिन और मरहम पट्टी आदि रहेंगी। चिकित्साधीक्षक ने बताया कि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और उनके बेहतर उपचार की व्यवस्था की गई है।