कंडेला गांव की महिलाओं ने प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र पर भ्रष्टाचार आरोप लगाते हुए तहसील में प्रदर्शन किया और एसडीएम से शिकायत की।
सोमवार को गांव कंडेला निवासी कई महिलाएं तहसील परिसर पहुंचीं और प्रदर्शन किया। कहा कि गांव में संचालित प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र में अमित खादी ग्रामोद्योग द्वारा स्किल इंडिया के अलावा प्रधानमंत्री द्वारा चलाई कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। लगभग 30 महिलाएं अमित खादी ग्रामोद्योग में चरखा चलाने का कार्य करती थीं। आरोप है कि उनके नाम से फर्जी तरीके से हस्ताक्षर कराकर 50-50 हजार रुपये का मुद्रा लोन भी स्वीकृत करा लिया गया है। बैंक से उनके पास नोटिस जारी होने के बाद यह जानकारी हुई। उन्हें कार्य से हटाकर संचालक द्वारा अन्य महिलाओं को रख लिया गया है। महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रधानमंत्री के अलावा अधिकारियों को भी पत्र प्रेषित कर चुकी हैं। एसडीएम ने महिलाओं को आश्वासन देते हुए मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। मौके पर सोनम, कविता, सीमा, आरती, सुधा, रचना, कुसुम, निशु, कमला, सरोज, सोमकली, रीना, त्रिवती, सुमन, ओमवती, सुनीता, कौशल, बबली आदि मौजूद थीं। उधर, केंद्र संचालक राजेंद्र का कहना है कि प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र द्वारा मुद्रा लोन नहीं किया जाता। खादी ग्रामोद्योग द्वारा लगभग 40 महिलाओं को 15-15 हजार रुपये के चरखे कताई के लिए दिए गए थे, जिनसे वर्ष 2015 से कताई का कार्य चल रहा है। कुछ दिन पूर्व 50-50 हजार रुपये का मुद्रा लोन किया गया था, जिसमें चरखे की रकम भी शामिल थीं। सभी आरोप गलत हैं। सब कुछ नियमानुसार किया गया है।