शामली क्षेत्र के गांव कुड़ाना में कबड्डी खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली जिले के युवाओं में लगातार कबड्डी का क्रेज बढ़ रहा है। खासकर गांव बंतीखेड़ा की पहचान तो कबड्डी के रूप में हो गई है। इस गांव से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी निकले हैं। खेल कोटे से जिले के जिन 20 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी मिली, उनमें 13 बंतीखेड़ा गांव के हैं। इसके अलावा हसनपुर के विपिन मलिक और गांव दथेडा के अरविंद का प्रो कबड्डी में जलवा रहा है।
बाबरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा कबड्ड़ी का केंद्र माना जाता है। इसी गांव के राजीव कुमार, अनुभव बालियान, मोहित जागलान, निशांत बालियान और गौरव बालियान सहित कई राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं। खास बात यह है कि गांव में कबड्डी का अभ्यास करने के लिए ग्रामीण परिवेश ही सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित हो रहा है। यहां मैदान पर ही बगैर टर्फ के अभ्यास किया जाता है। खेल निदेशालय की ओर से शामली के कबड्डी कोच संदीप कुमार भी बंतीखेड़ा के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि बंतीखेड़ा ने एक से बढ़कर एक कबड्डी खिलाड़ी दिया है। खेल कोटे से भी सबसे ज्यादा नौकरी इसी गांव के युवाओं की लगी। 2014 में प्रो कबड्डी की शुरुआत होने पर गांव दर गांव कबड्डी के खिलाड़ी निखरकर सामने आए। इसी के चलते गांव हसनपुर निवासी विपिन मलिक, दथेड़ा गांव निवासी अरविंद चौधरी का चयन प्रो कबड्डी में हुआ था। इसके अलावा गांव बनत, करौदा हाथी, कुड़ाना, कनियान, भभीसा, भारसी, खानपुर और हसनपुर के युवाओं में भी कबड्डी के प्रति उत्साह है। युवा रोजाना कबड्डी का अभ्यास करते हैं।
प्रो कबड्ड़ी में बढ़ रही दावेदारी
प्रो कबड्ड़ी की शुरुआत 2014 से हुई है। इसके अभी तक पांच सीजन हो चुके है। छठा सीजन अक्तूबर में होगा। प्रो कबड्ड़ी में सभी टीमें अच्छे खिलाड़ियों की काफी महंगी बोली लगाकर खरीदती हैं। सीजन पांच में भी जनपद से गांव हसनपुर निवासी विपिन मलिक को दिल्ली दबंग की टीम ने छह लाख रुपये में खरीदा था, तो गांव दथेडा निवासी अरविंद को पटना टीम में छह लाख रुपये में खरीदा गया।
कबड्ड़ी में मुकाम हासिल करने वाले युवा
1- गांव बंतीखेड़ा निवासी मोहित जागलान नेशनल खिलाड़ी रहे। वह रेेलवे पटना में क्लर्क के पद पर तैनात है।
2- अनुभव बालियान निवासी गांव बंतीखेड़ा भी नेशनल खिलाड़ी रहे। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में कांस्य पदक विजेता रहे। फिलहाल रेलवे पटना में क्लर्क के पद पर है।
3- निशांत बालियान निवासी बंतीखेड़ा भी नेशनल खिलाड़ी हैं, वह रेलवे जोधपुर में बतौर क्लर्क नौकरी कर रहे हैं।
4- गौरव बालियान गांव बंतीखेडा नेशनल खिलाड़ी रहे है, जो हाल में आर्मी में नासिक में तैनात है।
5- सिद्घार्थ चौधरी निवासी बंतीखेडा नेशनल खिलाड़ी रहे है, वह भी आर्मी में नासिक में नौकरी कर रहे है।
6- आशीष जागलान निवासी बंतीखेड़ा नेशनल खिलाड़ी रहा है। वह रोजगार मंत्रालय दिल्ली में तैनात है।
7- अमित कुमार निवासी बंतीखेड़ा नेशनल खिलाड़ी रहे है। वह आर्मी में बंगलुरु में तैनात है।
8- दीपचंद निवासी बंतीखेड़ा नेशनल खिलाड़ी रहे है, जो भारत पेट्रोलियम मुंबई में तैनात है।
9- राजीव कुमार निवासी बंतीखेड़ा प्रो- कबड्ड़ी के सीजन-2 में दिल्ली दबंग की टीम में खेल चुके है। अब उत्तर रेलवे में टीटी के पद पर कार्यरत हैं।
10- कमल वर्मा निवासी बंतीखेड़ा नेशनल खिलाड़ी रहे है, पीजीटी के तहत शिक्षक के पद पर तैनात है।
11- प्रमोद कुमार निवासी बंतीखेड़ा नेशनल खिलाड़ी रहे है। वह धनकड़ एकेडमी गाजियाबाद में बतौर कोच तैनात हैं।
12- धीरजपाल सिंह निवासी बंतीखेड़ा नेशनल खिलाड़ी रहे है। जो बागपत में एनआईएस के कोच है।
13- संदीप कुमार निवासी बंतीखेड़ा नेशनल खिलाड़ी रहे है। जो शामली में खेल निदेशालय की ओर से कोच नियुक्त हुए।
14- रविंद्र कुमार निवासी गांव कनियान अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे है, वह इनकम टैक्स में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और इनकम टैक्स की कबड्डी टीम के कोच भी हैं।
15- धमेंद्र पंवार निवासी गांव भारसी नेशनल खिलाड़ी रहे है। वह रेलवे में टीटीई के पद पर बरेली में कार्यरत हैं।
16- अमित कुमार कालखंडे निवासी बनत नेशनल खिलाड़ी रहे है। जो यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर हैं और पुलिस टीम के लिए खेलते हैं।
17- विपिन मलिक निवासी गांव हसनपुर नेशनल खिलाड़ी रहे है। वह प्रो- कबड्ड़ी के सीजन-5 में दिल्ली दबंग की टीम में खेले। दिल्ली में बिजली विभाग में खेल कोटे से बतौर क्लर्क कार्यरत हैं।
18- युद्घवीर मलिक निवासी गांव हसनपुर नेशनल खिलाड़ी रहे है, वह वर्ष 2015 में यूपी टीम के सदस्य रहे। वह आर्मी में नासिक में तैनात है।
19- गौतम कुमार निवासी गांव कनियान नेशनल खिलाड़ी रहे है। वह यूपी सिल्वर मेडल विजेता टीम के सदस्य रहे और रेलवे में क्लर्क के पद पर पटना में तैनात है।
20- अरविंद चौधरी निवासी गांव दथेड़ा नेशनल खिलाड़ी रहे है। वह प्रो- कबड्ड़ी के सीजन-5 में पटना की टीम में खेले। फिलहाल धनकड़ एकेडमी गाजियाबाद में प्रशिक्षण ले रहा है।