शामली। जम्मू कश्मीर के थाना राजौरी पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ शहर के मोहल्ला कलंदरशाह में न्यायालय से गैर हाजिर चल रहे धोखाधड़ी के मामले में तीन आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन कोई आरोपी पकड़ में नहीं आ सका। पुलिस टीम शामली में रहकर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बृहस्पतिवार की शाम को जम्मू कश्मीर के जिला पुलवामा के थाना राजौरी के एसआई अकरम के साथ पुलिस टीम शामली पहुंची। पुलिस टीम ने शहर कोतवाली में आमद दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके यहां पूर्व में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में तीन आरोपी न्यायालय से गैर हाजिर चल रहे हैं। न्यायालय से उनके वारंट जारी हुए हैं। आरोपियों के नाम सत्तार, फिरोज और मोहम्मद है। तीनों शहर के मोहल्ला कलंदरशाह निकट चांद मस्जिद के निवासी है। राजौरी पुलिस ने स्थानीय पुलिस टीम के साथ आरोपियों के घर पर दबिश दी, लेकिन कोई आरोपी पकड़ में नहीं आ सका। बताया गया है कि पुलिस टीम रात में शहर में ही है, जो उनके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी कर दबिश दे रही है। कोतवाली प्रभारी समयपाल अत्री ने बताया जम्मू कश्मीर पुलिस की टीम धोखाधड़ी के पुराने मामले में आरोपियों की तलाश में आई है। आरोपियों के न्यायालय से वारंट जारी हुए हैं। अभी कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया है।