संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम जसजीत कौर ने कैराना, कांधला व ऊन में नियमित टीकाकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने में सही ढंग से काम न करने वाले आरोग्य मित्रों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव और जननी सुरक्षा योजना का शत-प्रतिशत भुगतान न होने पर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने प्रसवों की संख्या बढ़ाने और जननी सुरक्षा योजना का भुगतान करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय क्षय रोग में टीबी नोटिफिकेशन बढ़ाने के निर्देश दिए। डीएम ने कोविड-19 वैक्सीनेशन की समीक्षा करते हुए 18 से अधिक उम्र के अधिक के लोगों के लिए माइक्रो प्लानिंग करते हुए कोरोनारोधी वैक्सीन की बूस्टर डोज लगाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक मॉडल उप केंद्र बनाने के भी निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल, सीएमएस डॉ. सफल कुमार, सभी एसीएमओ , बीपीएम, डीपीएम, डीसीटीएम आदि मौजूद रहे।