पुलिस और एसटीएफ द्वारा पकड़ा गया आरोपी तहसीम। सौजन्य-एसटीएफ
शामली। फरार चल रहे आईएसआई एजेंट तहसीम उर्फ मोटा को एसटीएफ मेरठ यूनिट और पुलिस ने बुधवार की रात मुजफ्फरनगर के गढ़ी शेखावत चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसपर पाकिस्तान में बैठे आईएसआई एजेंटों से मिलकर देश को दहलाने की साजिश रचने का आरोप है।
एसटीएफ के एएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि 10 जनवरी की रात में टीम ने मुजफ्फरनगर में गढ़ी शेखवाट चौराहे से तहसीम उर्फ मोटा पुत्र नसीम अहमद को धर दबोचा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पहले उसके भाई आईएसआई एजेंट कलीम को भी एसटीएफ गिरफ्तार कर चुकी है। वह और उसका भाई कलीम पाकिस्तान आते-जाते रहते थे। पाकिस्तान में उनकी आईएसआई के कुछ हैंडलरों से जान पहचान हो गई थी। उन्हें रुपयों का लालच देकर कहा गया कि तुम भारत में जिहाद फैलाओ, हम तुम्हें असलाह, बारूद के साथ रुपया भी देंगे। भारत में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए लोगों को तैयार करो। आईएसआई की मंशा भारत में शरीयत के तहत नए कानून को स्थापित करना है।