शामली कोतवाली में लूट के आरोपी का खुलासा करते एएसपी ओपी सिंह।
- फोटो : SHAMLI
शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने गुड़ व्यापारी से एक सप्ताह पहले चेन लूटने के मामले में अंतर्राज्यीय लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक और लूटी गई चेन बरामद की है। घटना में शामिल उसका साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश मेें पुलिस टीम लगी हुई है।
तीन अक्तूबर को सुबह करीब आठ बजे शहर कोतवाली क्षेत्र में भैंसवाल रोड पर नवीन मंडी के मुख्य गेट के बाहर स्कूटी से जा रहे तालाब रोड निवासी गुड़ व्यापारी राजकुमार गर्ग उर्फ बॉबी से सोने की चेन को बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट लिया था। शहर कोतवाली में पीड़ित व्यापारी की तरफ से अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीओ सिटी कार्यालय में मंगलवार को एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस ने चेन लूट की घटना में शामिल अंतर्राज्यीय लुटेरे को कुलदीप उर्फ चुंडी उर्फ राज उर्फ राहुल निवासी रामपुरा थाना झिंझाना को सरवरपीर वाले मार्ग से गिरफ्तार किया जबकि उसका साथी विकास मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और चोरी बाइक बरामद की। बरामद बाइक को 27 अगस्त को हनुमानधाम के बाहर से चोरी किया गया था।
एएसपी के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ बाइक से घटना करने की फिराक में घूम रहे थे। नवीन मंडी के मौका लगते ही उन्होंने स्कूटी सवार व्यक्ति के गले से सोने की चेन तोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर चालान कर दिया और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी है।
कई थानों से वांछित चल रहा था कुलदीप
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि चेन लूट में पकड़ा गये आरोपी कुलदीप के विरुद्ध उप्र में वाराणसी, बागपत, शामली के अलावा हरियाणा के अंबाला और दिल्ली के विभिन्न थानों में 11 से अधिक मामले दर्ज हैं। वाराणसी से वह 2020 से वांछित चल रहा था। वाराणसी, अंबाला व दिल्ली समेत कई थानों की पुलिस इसकी तलाश में थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी अपना नाम बदलकर दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर किराये पर रहते थे। आरोपी ज्यादातर दिल्ली, अंबाला, सोनीपत, यमुनानगर व यूपी के कई जिलों में घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि घटना को अंजाम देने में अधिकतर चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे।