रुक-रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। दो दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश से उसम भरी गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई स्थानों पर जलभराव की समस्या का सामना लोगों को करना पड़ा है। आगामी पूरे सप्ताह बारिश की संभावना मौसम विभाग जता रहा है।
शनिवार सुबह दिन निकलते ही बारिश शुरू हो गई। जिससे लोगों के काम भी प्रभावित हुए। स्कूली बच्चे भीगते हुए स्कूल पहुंचे। कुछ बच्चे बारिश की वजह से देरी से पहुंचे। दो दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं, शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। नालियों की सफाई न होने से गंदगी सड़कों पर फैल गई और जल निकासी न होने से लोगों को जलभराव के बीच होकर गुजरना पड़ा। बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। कर्मचारियों एवं दुकानदारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के मुताबिक रविवार के साथ आगामी पूरे सप्ताह बारिश के बारिश होने के आसार हैं।
बारिश से किसानों को फायदा
दो दिन से हो रही बारिश से किसान खुश हैं। इन दिनों सिंचाई करने के लिए किसानों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। दो दिन तेज बारिश होने से अब कई दिन सिंचाई की चिंता नहीं रही। बारिश से धान, ईख व चारे की फसल को फायदा पहुंचा है।