- विद्यालयों में तैनात अध्यापकों और छात्राओं की उपस्थिति में नहीं चलेगी अब मनमानी
- शासन ने जारी किए आदेश, अवहेलना करने पर होगी शिक्षकों पर कारवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में तैनात अध्यापकों और छात्राओं के उपस्थिति में अब मनमानी नहीं चलेगी। इसे लेकर बेसिक शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। अब इन स्कूलों में प्रेरणा तकनीकी फ्रेम वर्क व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब पोर्टल से शिक्षकों और छात्राओं की मानीटरिंग की जाएगी।
शासन से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन के सापेक्ष प्रत्येक माह की औसतन 90 प्रतिशत की उपस्थिति जरूरी किया गया है। कक्षा 6 से 8 तक की निपुण सूची व निपुण तालिका को सभी चार विद्यालयों में चस्पा करने, उपचारात्मक माड्यूल का उपयोग करने, छात्राओं को मानकानुसार स्टेशनरी, तकनीकी शिक्षा के लिए वाईफाई कनेक्शन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। जिससे छात्राओं को किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
अप्रैल माह से अपडेटेड प्रेरणा ऐप के माध्यम से शिक्षक, कर्मचारी का वेतन व मानदेय और छात्राओं की उपस्थिति के आधार पर भोजन मद की धनराशि का भुगतान होगा। निर्धारित 10 बिंदुओं का शत-प्रतिशत पालन नहीं होने पर संबंधित विद्यालय की वार्डन और जिला समन्वयक बालिका शिक्षा को उत्तर दायित्वों के प्रति उदासीनता, शासकीय कार्यों की अवहेलना एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवमानना का दोषी मानते हुए तत्काल वेतन रोक दिया जाएगा। इसके लिए शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं। शासन से आदेश मिलने के बाद सभी कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को आदेश दिए है और नियमों का पालन न करने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कस्तूरबा बालिका विद्यालयों में प्रेरणा तकनीकी फ्रेम वर्क व्यवस्था लागू करने के लिए वार्डन को पत्र लिखा गया है। यदि वहां नियमों का पालन नहीं होता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - राजीव कुमार, जिला समन्वयक, शामली।