पहली बार गर्भवती होने पर तीन किस्तों में मिलते हैं पांच हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) की किसी भी प्रकार की जानकारी और समस्या के समाधान के लिए अब हेल्पलाइन नंबर 104 डायल करना होगा। राज्य स्तर पर संचालित पीएमएमवीवाई के हेल्पलाइन नंबर में बदलाव किया गया है। पहले योजना का हेल्पलाइन नंबर 7998799804 था।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने सोमवार को बताया पीएमएमवीवाई और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की हेल्पलाइन नंबर 104 पर लाभार्थी और आमजन संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा पीएमएमवीवाई केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है।
योजना के नोडल अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि योजना के तहत पहली बार गर्भवती होने पर महिला को तीन किस्तों में पांच हजार रुपये दिए जाते हैं, प्रसव चाहे सरकारी या निजी अस्पताल में कराया गया हो। पंजीकरण के लिए माता-पिता का आधार कार्ड, मां की बैंक पासबुक की फोटो कॉपी जरूरी है। मां का बैंक अकाउंट ज्वाइंट नहीं होना चाहिए। निजी अकाउंट ही मान्य होगा। यदि बच्चे का जन्म हो चुका है तो मां और बच्चे दोनों के टीकाकरण का प्रमाणिक पर्चा व जन्म प्रमाण पत्र होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण कराने के साथ ही गर्भवती को प्रथम किस्त के रूप में एक हजार रुपये दिए जाते हैं। प्रसव पूर्व कम से कम एक जांच होने पर दूसरी किस्त के रूप में (गर्भावस्था के छह माह बाद) दो हजार रुपये और बच्चे के जन्म का पंजीकरण होने तथा बच्चे के प्रथम चक्र का टीकाकरण पूरा होने पर तीसरी किस्त के रूप में दो हजार रुपये दिए जाते हैं। यह सभी भुगतान गर्भवती के बैंक खाते में ही किया जाता है। जिला प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सदफ खान ने लाभार्थियों से अनुरोध किया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ लें।