ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दबकर युवक की मौत
गढ़ीपुख्ता। पराली लेकर मुजफ्फरनगर के गांव गोयला गए क्षेत्र के गांव पेलखा निवासी युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दबकर मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव पेखला निवासी 30 वर्षीय राजन पुत्र धर्मवीर अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में गांव से पराली लेकर मुजफ्फरनगर के शाहपुर क्षेत्र के गांव गोयला स्थित कोल्हू पर लेकर जा रहा था। शनिवार को राजन अपनी ट्रैक्टर ट्राली में पत्तियां लेकर गोयला स्थित एक कोल्हू पर जा रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। राजन ट्रैक्टर के नीचे दब गया। राजन की चीख पुकार सुनकर कोल्हू पर मौजूद लोगों ने जब तक उसे निकाला तब तक राजन की मौत हो चुकी थी। सूचना पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राजन के परिजनों को मामले की जानकारी दी जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
14 दिन पूर्व हुआ था पुत्र
राजन की मौत से पत्नी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार राजन की दो पुत्रियां हैं। 14 दिन पूर्व ही उसकी पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया था। पत्नी भी मनरेगा में मजदूरी कर परिवार के पालन पोषण में राजन का सहयोग करती थी। राजन की मौत से पत्नी भी बेसुध हो गई है, वहीं मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया है। राजन की मौत से गांव में भी शोक छाया हुआ है।