संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। बकाएदारों के कनेक्शन काटे जाने से क्षुब्ध एक युवक ने विद्युत उपखंड कार्यालय में घुसकर जेई और एसडीओ से अभद्रता करते हुए सरकारी कागजात फाड़ दिए। मामले में विभाग की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई।
अवर अभियंता राहुल कुमार ने एसडीओ ओम प्रकाश बेदी के हस्ताक्षरयुक्त तहरीर कोतवाली में दी। जिसमें बताया कि बृहस्पतिवार को वह मोहल्ला खैल कलां में बकाया पर विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई कर रहे थे। इस दौरान सामने आया कि जैनुद्दीन पर 1,18,992 रुपये बकाया होने के बावजूद विभाग को गुमराह करके दूसरी प्रोपर्टी दर्शाकर दो नए कनेक्शन ले लिए हैं। विभागीय टीम ने दोनों कनेक्शन काट दिए। इसके बाद टीम उपखंड कार्यालय पहुंच गई।
आरोप है कि शाम करीब पांच बजे उपखंड कार्यालय में सैफुल्ला नामक युवक घुस आया और उन पर कनेक्शन जोड़ने का दबाव बनाने लगा। धमकी दी गई कि कनेक्शन नहीं जोड़े गए तो नौकरी खा जाऊंगा। जिस पर उन्होंने कनेक्शन तार जोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद इस युवक ने एसडीओ के साथ अभद्रता कर दी। वहां रखे सरकारी कागजात फाड़ कर फेंक दिए। तहरीर में बताया गया कि आरोपी इससे पूर्व में भी सरकारी कार्य में बाधा डालकर यहां से स्थानांतरण कराने की धमकी भी देता रहा है। एसडीओ ने बताया कि आरोपी ने सड़क पर धरना देकर कांवड़ यात्रा में अवरोध पैदा करने की भी धमकी दी है।