कैराना के बरनावी के जंगल में पकड़ी अवैध शराब की भट्ठी के आरोपी।
- फोटो : SHAMLI
बरनावी के जंगल में अवैध शराब की भट्ठी का भंडाफोड़
शामली, कैराना। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बरनावी के जंगल में चल रही अवैध शराब निर्माण की भट्ठी का पकड़ी है। मौके से 4420 लीटर लहन नष्ट करते हुए कच्ची एवं अपमिश्रित शराब व उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
क्षेत्र के गांव बरनावी के जंगल में अवैध शराब निर्माण की भट्ठी चलाए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। मौके से पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शराब की भट्ठी व 4420 लीटर लहन नष्ट किया गया। इसके साथ ही 110 लीटर कच्ची शराब, 30 लीटर अपमिश्रित शराब, 500 ग्राम यूरिया खाद, उपकरणों में 11 लोहे के ड्रम, पतीला, भट्ठी, नौ बोरे गुड़ आदि बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम गुरदीप, हरप्रीत, सुरेंद्र व जसवेंद्र निवासीग गांव बरनावी डेरा बताए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी कच्ची व अपमिश्रित शराब तैयार कर उसे आसपास के क्षेत्र में सप्लाई किया करते थे। आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करके चालान कर दिया है। पुलिस टीम में एसएसआई राधेश्याम, एसआई राजकमल, एसआई राधेश्याम भारती आदि मौजूद रहे।