शामली। मोहल्ला हाजीपुरा नाला पटरी निवासी सफिया बेगम (22) का शव शनिवार कीी सुबह को कमरे में छत के पंखे से लटका हुआ मिला था। मोहल्लेवासियों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। इस मामले में मृतका के पिता महबूब निवासी गंगोह रोड जलालाबाद ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री सफिया की शादी करीब तीन माह पहले मोहल्ला हाजीपुरा निवासी साबिर के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज में बाइक और एक लाख रुपये की मांग करते हुए उसकी बेटी को परेशान कर थे। इससे पहले उसने ससुराल वालों को 50 हजार रुपये दिए थे। शुक्रवार को उसकी बेटी ने बताया था कि पति साबिर, देवर सादिक और सास गफ्फार बाइक और एक लाख रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे है। महबूब का कहना है कि शनिवार की सुबह पति समेत तीनों आरोपियों ने मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। कोतवाल सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि इस मामले में आरोपी पति साबिर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।