झिंझाना (शामली)। क्षेत्र के गांव गुज्जरपुर में पड़ोसियों द्वारा बछिया चोरी का आरोप लगाने से आहत होकर महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों द्वारा महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के पति द्वारा गांव के ही चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
बुधवार की देर रात मुरसलीन निवासी गांव खंद्रावली हाल निवासी गांव गुज्जरपुर ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि गांव के ही तौसीद की एक सप्ताह पूर्व बछिया चोरी हो गई थी। जिसको लेकर तौसीद और तीन अन्य ने उसकी पत्नी अफसाना पर चोरी का आरोप लगाते हुए मारपीट कर दी थी। आरोप है जिसके बाद से पत्नी गुम रहने लगी थी तथा परेशान थी। आहत होकर अफसाना ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसको उपचार हेतु अस्पताल ले गए। जहां से गम्भीर हालत के चलते अफसाना को मेरठ रेफर कर दिया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बृहस्पतिवार की शाम शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया मामले की सूचना मिली थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।