संवाद न्यूज एजेंसी
शामली/ झिंझाना/ थानाभवन/ ऊन। निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही निकाय क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के होर्डिंग व पोस्टरों उतार दिया गया। रविवार देर रात एसपी ने शहर में पैदल मार्च किया।
झिंझाना में पहले से नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासद का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने पोस्टरों से पूरे कस्बे की दीवारों को पाट दिया था। अब अधिसूचना जारी होते ही सोमवार को नगर पंचायत कर्मियों ने अभियान चलाकर दीवारों को साफ करना शुरू कर दिया। अधिशासी अधिकारी योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी प्रत्याशी चुनाव आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता का पालन करें और प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग करें।
थानाभवन में नगर पंचायत ईओ डाॅ. अनामिका सिंह के निर्देश पर नगर पंचायत कर्मचारियों अभियान चलाकर नगर के मुख्य बाजारों गली मोहल्लों में लगे होर्डिंग व बैनर उतारे। इसके लिए तीन-चार टीमें लगाई गई थी। वरिष्ठ लिपिक संजय कुमार ने बताया चुनाव नगर में प्रथम चरण में है यह अभियान लगातार चलता रहेगा। ऊन में नगर पंचायत कर्मचारियों ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। सूचना विभाग द्वारा लगाए गए सरकारी योजनाओं के बैनर पोस्टर नहीं हटाए गए। ईओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि निकाय चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी हो गई है। सार्वजनिक स्थानों पर लगे बैनर पोस्टर अपील या समर्थन होर्डिंग हटा दिए गए हैं।