-तहसील पर एसडीएम को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन, फिल्म पर रोक लगाने की मांग की
कैराना। आदिपुरुष फिल्म को लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया। तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। उन्होंने फिल्म पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां उन्होंने आदिपुरुष फिल्म को लेकर आक्रोश जाहिर किया। प्रधानमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम निकिता शर्मा को सौंपा। ज्ञापन में कहा कि आदिपुरुष फिल्म में अमार्यादित भाषा एवं संवाद का प्रयोग किया गया है। फिल्म में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान का अपमान किया गया है, जिससे हिन्दू समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। फिल्म को पास करने वाले सेंसर बोर्ड ने भी लापरवाही की है। उन्होंने फिल्म पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने, आपत्तिजनक भाषा एवं संवाद को हटाने, सेंसर बोर्ड पर कार्रवाई करने और फिल्म निर्माता एवं निर्देशक सहित डायलॉग लिखने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही, चेतावनी दी कि यदि फिल्म पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो अग्रिम रणनीति बनाई जाएगी। इस दौरान रोहित बजरंगी, गुरदास रोहिल्ला, पिंटू कुमार, सुरेश कुमार, राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।