कैराना। कांधला तिराहे पर वाहन की टक्कर लगने से हाई वोल्टेज लाइन का खंभा टूट कर गिर गया। तारो से निकली चिंगारी से पास ही रखे एक खोखे में आग लग गई।
बुधवार रात करीब एक बजे कांधला तिराहे पर तेज रफ्तार वाहन ने 33 हजार वोल्टेज लाइन के खंभे में टक्कर मार दी। जिस खंभा टूटकर गिर गया। इस दौरान तारों से निकली चिंगारी के कारण पास ही रखा मोहल्ला छड़ियान निवासी बिलाल के खोखे में आग लग गई। आग से खोखे के अंदर सेब, प्याज व अन्य खाद्य सामग्री, बेंच और स्टूल जलकर राख हो गए। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने कांधला तिराहे पर पानीपत जाने वाली एक साइड में बैरियर लगा कर रास्ता बंद कर दिया। खंभा टूटने के कारण मोहल्ला छड़ियान की सप्लाई बाधित हो गई। शाम करीब चार बजे खंभा दोबारा लगा कर पुन: आपूर्ति चालू की गई। एसडीओ अतुल यादव ने बताया कि मामले में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी गई है।