कांधला (शामली)। क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कमरे में घुस गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील निवासी अंकित पुत्र पालेराम 21 वर्ष गांव के ही अपने दोस्त रिंकू के साथ बाइक से हरियाणा में शादी समारोह में गया था। शनिवार शाम शादी समारोह से वापस बाइक पर सवार होकर गांव आ रहा था। बाइक सवार दोनों युवक गांव के निकट पहुंचे तो बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक कमरे में जा घुसी। अंकित की मौके पर ही मौत हो गई और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
रविवार सवेरे राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक युवक की पहचान के बाद घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक ने घायल युवक की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। अंकित की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत
झिंझाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर बिड़ौली के पास ट्रक ने साइकिल सवार वृद्ध को टक्कर मारकर फरार हो गया। घायल वृद्ध को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया जहां पर चिकित्सकों उसे मृत घोषित कर दिया।
मेरठ-करनाल हाईवे पर रविवार दोपहर बिड़ौली में साइकिल सवार वृद्ध मीरहसन पुत्र मांगा उम्र 60 वर्ष को करनाल की ओर जा रहे ट्रक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल वृद्ध मीरहसन को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने बिड़ौली चेकपोस्ट से गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।