शामली, कांधला। कस्बे के कैराना रोड स्थित नवीन सब्जी मंडी में मंडी सचिव के न आने और मंडी में गंदगी फैली होने को लेकर व्यापारियों में रोष बना हुआ है। मंडी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मंडी सचिव पर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के कैराना रोड पर नवीन सब्जी मंडी स्थित है। नवीन सब्जी मंडी में सैकड़ों व्यापारी फल, फ्रूट और सब्जी बेचने का कार्य करते हैं। मंडी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष जाहिद राज का आरोप है कि मंडी में तैनात सचिव संभव तोमर एक माह से मंडी में नहीं आ रहे हैं। सचिव के मंडी में न आने के चलते सफाई कर्मचारी का वेतन रुकने के साथ ही अन्य कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारी जाहिद राज का आरोप है कि मंडी में चारों ओर गंदगी के अंबार लगे पड़े हैं। मंडी की सफाई के लिए मात्र एक सफाई कर्मचारी नियुक्त किया गया है। सचिव के मंडी में न आने के चलते सफाई कर्मचारी को भी तीन माह से वेतन नहीं मिल रहा है। नवीन सब्जी मंडी गेट भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिसके चलते मंडी में बेसहारा पशु व्यापारियों का नुकसान कर रहे हैं। मंडी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष जाहिद राज ने प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर मंडी सचिव पर कार्रवाई करने के साथ ही मंडी की साफ सफाई कराए जाने की मांग की है।