शामली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दो स्थानों पर पहुंचकर भूने हुए चने के तीन नमूने लिए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त पंकज कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर मंगलवार से तीन दिन तक भूने हुए चने को लेकर अभियान शुरू किया गया है। शासन को शिकायत मिली कि भूने हुए चने पर पीला सिंथेटिक रंग लगाया जा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। उन्होंने बताया कि टीम के साथ उन्होंने एसटी तिराहा स्थित विशाल मेगा मार्ट से 250-250 ग्राम पैक के भूने हुए चने के नमूने लिए हैं। इसके बाद मंडी जवाहर गंज स्थित गणपति ट्रेडर्स के यहां पहुंचकर जांच की और वहां से एक एक छोटे बोरे से भूने हुए चने का नमूना लिया है। यहां पर करीब आठ क्विंटल भूने हुए चने मिले। व्यापारी ने बताया कि उनके यहां से अन्य दुकानों को भूने हुए चने सप्लाई किए जाते हैं। सहायक आयुक्त ने बताया कि यह अभियान दो दिन और चलाया जाएगा। टीम में खाद्य निरीक्षक श्याम बहादुर, अनंत कुमार व कुंवरपाल शामिल रहे।