संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शनिवार को राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह की द्वितीय पुण्य तिथि मनाई गई। इस अवसर पर हवन यज्ञ किया गया। साथ ही उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शहर के माजरा रोड स्थित विक्रांत निर्वाल उर्फ छोटा के आवास पर शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में सुबह हवन यज्ञ किया गया। रालोद पदाधिकारियों व कार्यतर्काओं ने स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि दी। इसके बाद चौधरी अजीत सिंह के जीवन दर्शन पर विचार गोष्ठी हुई। रालोद जिलाध्यक्ष वाजिद अली ने कहा स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के पद चिह्नों पर चलते हुए स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह जीवन पर्यंत किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, अति पिछड़ों के लिए संघर्ष करते रहे। उनका जीवन सादगी से परिपूर्ण था और कैबिनेट मंत्री रहते हुए भी उन्होंने किसानों, मजदूरों और मजलूमों से मिलने के लिए कभी सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा। जरूरत पड़ने पर किसी भी समय उनके बीच पहुंच जाते थे। हस्तिनापुर क्षेत्र के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह चार बार केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रहते हुए शुगर मिलों के बीच की दूरी को कम कर अनेकों नए शुगर मिल स्थापित कराए, जिससे किसानों की गन्ने की समस्या का हल हुआ। थानाभवन विधायक अशरफ अली खान ने कहा कि चौधरी साहब ने सभी धर्मों और जातियों को एक साथ लेकर चलने और समाज में आपसी भाईचारा बनाने के लिए जीवन पर्यंत कार्य किया। इससे एक सुदृढ़ सामाजिक ताना बाना बना। आज हम सभी को संकल्प लेकर चौधरी अजीत सिंह के जीवन दर्शन को आत्मसात कर समाज में वही भाईचारा स्थापित करने के लिए कार्य करने चाहिए, जो अंतिम समय तक चौधरी साहब चाहते थे। उन्हीं के पदचिह्नों पर चल रहे रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के हाथों को मजबूत करना होगा। यही हम सभी की चौधरी अजित सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सरोज मलिक, विजय कौशिक, रविंद्र सोंटा, विक्रांत निर्वाल, रविंद्र, पप्पू, सहदेव मुखिया, विकास धीमान, शरणवीर, विपिन खोड़समा, ऋषिपाल तरार, बाबूराम पंवार, पंकज सरोहा, राजीव निर्वाल, तरुण मलिक आदि मौजूद रहे।