थाना भवन क्षेत्र के गांव मादलपुर में सूरज के घर हवन ज्ञग करते श्री सनातन धर्म हिन्दू रक्षा दल
थानाभवन (शामली)। गांव मादलपुर में धर्मांतरण के जाल में फंसे परिवार के शुद्धिकरण के लिए श्री सनातन धर्म हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को हवन कराया। इसके अलावा गंगाजल का छिड़काव भी कराया गया। कहा कि अब सूरज और अन्य की मुस्लिम धर्म से हिंदू धर्म में घर वापसी हो गई है। उधर, दिल्ली के फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस ने दबिश दी मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी।
मंगलवार को श्री सनातन धर्म हिंदू रक्षादल ने थानाभवन क्षेत्र के गांव मादलपुर में सूरज पुत्र राजेंद्र सिंह के निवास पर पहुंचकर परिवार के शुद्धिकरण के लिए हवन का आयोजन किया। सूरज का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उनके पिता राजेंद्र सिंह मुख्य यजमान बने। श्री सनातन हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रण कुमार तोमर व उनकी टीम ने यज्ञ व पूजा का कार्य सम्पन्न कराया। रण कुमार ने कहा कि यदि कोई कहीं धर्मांतरण की घटना होगी तो बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अजय सैनी, राहुल पंवार, श्री सनातन हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणकुमार, विजेंद्र सिंह धीमान प्रदेश उपाध्यक्ष, पंकज वशिष्ठ, अनुकूल गिरी आदि मौजूद रहे।
यह था मामला
गांव मादलपुर के रहने वाले अनुसूचित जाति के सूरज का दिल्ली के ओखला के रहने वाले दंपती ने धर्मांतरण करा दिया था। जिस पर पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। इस मामले में पुलिस की पूछताछ में सामने आया था कि दिल्ली की एक मस्जिद में मिले व्यक्ति ने भी सूरज का धर्मांतरण करने के लिए ब्रेनवॉश किया था। पुलिस आरोपी व्यक्ति की तलाश में दबिश दे रही है मगर सफलता हाथ नहीं लग पा रही है।