अब्दान नगर में दंगल में जोर आजमाइश करते पहलवान। संवाद
झिंझाना (शामली)। गांव अब्दाननगर के मां दुर्गा मेले में सोमवार को चौथे दिन के दंगल में हरियाणा के पहलवानों का दबदबा रहा। हरियाणा के पानीपत से आए गय्यूर पहलवान ने 5100 रुपये की कुश्ती में रितिक को हराकर जीत दर्ज की। वहीं हरियाणा के पानीपत के मोनू ने 11 हजार की कुश्ती में हरियाणा के नीरज को हराया।
5100 रुपये की कुश्ती के मुकाबले में गांव गोयला खेड़ा पानीपत हरियाणा के पहलवान गय्यूर ने पानीपत के ही रितिक को 15 मिनट की कुश्ती के मुकाबले में चित्त कर इनामी राशि अपने नाम कर ली। दंगल में दूसरी कुश्ती कैराना क्षेत्र के गांव भूरा निवासी जावेद पहलवान तथा सहारनपुर के देवबंद के शादाब पहलवान के बीच हुई। जिसमें जावेद ने शादाब को कुछ देर में ही पटखनी देकर 5100 रुपये की इनामी राशि जीत ली। हरियाणा के पानीपत के मोनू ने 11 हजार की कुश्ती में हरियाणा के जींद नीरज को पटखनी दी। मुख्खा पहलवान अशरफपुर तथा हरियाणा के जींद के पहलवान ऋतिक के बीच रोमांचक मुकाबले में ऋतिक को शिकस्त मिली। अन्य मुकाबले में मनदीप पानीपत हरियाणा, गौरव कुमार भूरा, आरिफ पहलवान आदि के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। अखाड़े के रेफरी सतबीर मंगलोरा तथा महिपाल कोरी ने बताया कि मंगलवार को दंगल के आखिरी मुकाबले होंगे। जिसमें प्रदेश के साथ-साथ दूसरे प्रदेशों से भी पहलवान प्रतिभा करेंगे। दंगल में कमंटेटर शमशाद अली रहे।