कैराना। पानीपत निवासी वसीम की हत्या में गिरफ्तार दूसरे हत्यारोपी फरमान को पानीपत पुलिस ने रिमांड पर लिया और कैराना से उसकी निशानदेही पर बाइक बरामद की है।
31 दिसंबर को पानीपत के जाटल रोड इमाम साहब निवासी वसीम (30) लापता हो गया था। इस संबंध में वसीम के भाई कल्लन ने पानीपत के सेक्टर 29 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तीन जनवरी को पानीपत पुलिस ने कांधला निवासी सूफी दिलशाद को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कस्बे के मोहल्ला रेतावाला में एक बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर जमीन में दबा वसीम का शव बरामद किया है। पानीपत के थाना सेक्टर-29 के एसआई और मुकदमे के विवेचक महिपाल सिंह ने बताया कि हत्यारोपी सूफी दिलशाद और फरमान निवासी मोहल्ला खैल कलां कैराना वसीम को कैराना लाए थे। बाद में उसे बाइक पर बैठा कर मोहल्ला रेता वाला में बंद मकान पर ले गए और फावड़े से उसकी हत्या कर दी थी। शनिवार को फरार चल रहे हत्यारोपी फरमान निवासी मोहल्ला खेल कला कैराना को मुखबिर की सूचना पर उसके घर से गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को अदालत से आरोपी फरमान का एक दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड लिया गया। फरमान को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के बाद उसकी निशानदेही पर कैराना स्थित उसके मकान से बाइक बरामद कर ली गई। इसी बाइक पर हत्यारोपी वसीम को बैठाकर घटनास्थल पर ले गए थे।