शामली। पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के सुभाष चौक स्थित प्रांतीय मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को हुई बैठक में व्यापारियों ने जिले में त्योहारों के दिनों में सर्वे और छापे के नाम पर किए जा रहे उत्पीड़न पर रोष व्यक्त किया। प्रदेशाध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग से मांग करते हुए कहा कि जीएसटी व खाद्य सुरक्षा विभाग समेत अन्य महकमों के अनावश्यक उत्पीड़न पर अंकुश लगाया जाए।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पिछले 2 वर्षों से प्रदेश में व्यापारी कोरोना महामारी के कारण लगे लॉकडाउन से जूझ रहा था। व्यापार ठप पड़ा था अब कहीं जाकर व्यापार चलने की आशा जगी तो सभी विभागों के अधिकारी व्यापारियों की घेराबंदी करने में लग गए हैं, यह कतई बर्दाश्त नहीं होगा। यदि अधिकारी व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न बंद नहीं करेंगे तो प्रदेश का व्यापारी इस मुद्दे को ऊपरी स्तर तक ले जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने पटाखा व्यापारियों आह्वान किया कि जनपद एनसीआर में होने के कारण केवल ग्रीन पटाखों की खरीद बिक्री की जाएगी। पटाखा जलाते समय अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। जिससे कोई किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। साथ ही कहा कि सभी व्यापारी नियमानुसार काम करें। मिलावट जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें। सरकार का टैक्स समय पर जमा करें, क्योंकि हमारे टैक्स से ही सरकार चलती है। इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद धीमान, नगर अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, नगर कोषाध्यक्ष महेश धीमान, जिला महामंत्री राजेश सिंघल, आशु पुरी, वैभव गोयल, राजीव गर्ग, गौरव गर्ग, शिवम गर्ग, अमन गर्ग, पवन गोयल आदि उपस्थित रहे।