मकान का ताला तोड़ हजारों का सामान चोरी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला खैल के एक बंद मकान का ताला तोड़कर बदमाश ने मकान के अंदर रखा हजारों का लोहे का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित मकान मालिक ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के मोहल्ला खैल निवासी फरहत बेग ने यूनिक इंटर कॉलेज मार्ग पर अपना एक मकान बना रखा है। पीड़ित ने बताया कि वह अपने परिवार के सहित अपने दूसरे मकान में रहता है। मंगलवार रात में बदमाश उनके बंद मकान का ताला तोड़कर मकान में रखा एक इंजन व प्रेशर मशीन सहित लोहे का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित का कहना है कि उसका हजारों रुपये का लोहे का सामान चोरी हुआ है। चोरी की जानकारी पड़ोसियों को मंगलवार सुबह होने पर हुई। पीड़ित ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल कर पीड़ित की तहरीर पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। पुलिस जांच कर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।