ग्लैंडर्स से ग्रस्त खच्चरों को दर्दरहित मौत दी
शामली। जिले की पशुपालन विभाग की टीम ने सुंदरनगर में ग्लैंडर्स से ग्रसित खच्चर को यूथिनेशिया दर्दरहित मृत्यु दी गई।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि ग्राम सुंदर नगर में एक ग्लैंडर्स घनात्मक खच्चर को पशुपालन विभाग की टीम द्वारा ग्लैंडर्स एवं फार्सी बीमारी के नोडल अधिकारी डाक्टर हिमांशु शर्मा, पशु चिकित्साधिकारी-कमालपुर के नेतृत्व में यूथिनेशिया दर्द रहित मृत्यु दी गई। ग्लैंडर्स एक जीवाणु (बर्कहोल्डेरिया मेलियाई) जनित अश्व प्रजाति के पशुओं जैसे घोड़ा, गधा, खच्चर आदि की बीमारी है, जिसका इलाज संभव नहीं है। जनपद से प्रति माह अश्व प्रजाति के पशुओं के सीरम नमूने उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशन में मासिक तौर पर राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र, हिसार भेजे जाते हैं। माह अगस्त में भेजे गए सीरम नमूने में से ग्राम सुंदर नगर कैराना का एक खच्चर में राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र, हिसार द्वारा ग्लैंडर्स घनात्मक पाया गया है। इस पर निदेशक पशुपालन विभाग के आदेश के परिपालन में टीम गठित कर खच्चर को यूथिनेशिया दिया गया। इस दौरान डाक्टर पुष्पेंद्र सिंह, डाक्टर मोहम्मद नदीम, विजयपाल, विक्रम प्रताप, विनोद कुमार, इंद्रपाल आदि उपस्थित रहे।