-कैराना के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में बीएसए ने किया शुक्रवार रात औचक निरीक्षण
-छात्रा का मनाया जन्मदिन, वार्डन को दिए बिजली फिटिंग कराकर कंप्यूटर लगाने के निर्देश
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कैराना के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कंप्यूटर होने के बावजूद छात्राएं मोबाइल से पढ़ाई करती मिलीं। इसपर बीएसए ने वार्डन से नाराजगी जताते हुए कंप्यूटर न चलने का कारण पूछा। उन्होंने जल्द ही कंप्यूटर को चालू करने के निर्देश दिए। एक छात्रा के पिता न होने पर रात में ही केक मंगवाकर जन्मदिन मनाकर उसको बधाई दी।
कैराना के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शुक्रवार रात को बीएसए कोमल ने विद्यालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था देखी। सबसे पहले उन्होंने खाना चेक किया तो वह सही मिला। इसके बाद छात्राओं के कमरे और रहने की सुविधा देखी। जब वह लैब गई तो वहां छात्राएं कंप्यूटर होने के बावजूद मोबाइल से पढ़ाई कर रही थीं। इस पर बीएसए ने वार्डन से नाराजगी जताते हुए कंप्यूटर चालू न होने की जानकारी ली तो वार्डन ने बताया कि अभी तक बिजली फिटिंग नहीं हुई है, जिससे कंप्यूटर चालू नहीं हो सके। बीएसए ने कहा कि कंप्यूटर चालू न होने से छात्राओं को पढ़ाई करने में काफी दिक्कत हो रही है। बिजली फिटिंग का कार्य तो पहले ही कराना चाहिए था। उन्होंने जल्द ही बिजली फिटिंग कराकर कंप्यूटर चालू कराने के निर्देश दिए। इसमें लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। इसके बाद उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई की जानकारी ली। छात्रा आशु के पिता न होने पर उसका जन्मदिन विद्यालय में मनाया गया। बीएसए ने रात में केक मंगवाकर उसके हाथाें से कटवाया और उसको जन्मदिन की बधाई दी।