उत्तर प्रदेश के शामली में बुखार से पीड़ित छात्रा बाथरूम में नहाने गई थी। वह काफी देर तक बाहर नहीं निकली तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो बेटी की हालत देख उनके पांव तले जमीन खिसक गई।
उत्तर प्रदेश के शामली में कांधला थानाक्षेत्र में नहाने के लिए बाथरूम में गई छात्रा की गीजर की गैस से दम घुटने से मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मचा है।
विज्ञापन
नगर के मोहल्ला शेखजादगान अनाज मंडी निवासी संजय गोयल की पुत्री ईशिका (17) शामली के स्कॉटिश स्कूल की इंटर की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार ईशिका को कुछ दिन से बुखार था। वह कुछ ठीक हुई तो गरम पानी से नहाने के लिए बाथरूम में गई।
रविवार की शाम ईशिका नहाने के लिए बाथरूम में ही थी। काफी समय तक जब वह बाथरूम से वापस नहीं आई तो उसकी मां ने उसे आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया न देने पर उन्हें चिंता हुई।
उन्होंने जानकारी अपने पति को दी। जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो ईशिका अचेत अवस्था में बाथरूम के फर्श पर पड़ी मिली। परिजन बेटी को लेकर शामली चिकित्सक के यहां पहुंचे तो उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार बाथरूम में वेंटीलेशन न होने के कारण, गीजर से निकलने वाली गैस से दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई है।