शामली के नंदू प्रसाद मोहल्ले में वाल्मीकि समाज के लोगों की समस्या सुनती कैबिनेट मंत्री बेबी रान?
- फोटो : SHAMLI
शासन की योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाएं
शामली। सहारनपुर मंडल के लिए नामित मंत्री समूह में शामिल महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य और ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम बुधवार शाम जिले में पहुंचीं। दोनों मंत्रियों ने शहर के वार्ड-2 नंदू प्रसाद मोहल्ले की वाल्मीकि बस्ती में लोगों की समस्याएं सुनीं और शासन की योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान बेबी रानी मौर्य और विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि जगह-जगह कैंप आयोजित कर शासन की योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाएं। इसके बाद दोनों मंत्री बनत की मलिन बस्ती में पहुंची और आवश्यक व्यवस्थाओं को देखा। स्थानीय लोगों से साफ सफाई और अन्य समस्या की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों को जन समस्याओं के निस्तारण करने के साथ ही महिलाओं को सभी पेंशन, आयुष्मान कार्ड, आय प्रमाण पत्र व जन कल्याणकारी सभी योजनाओं का कैंप लगाकर लाभ देने के और समस्याओं के प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार सुबह दोनों मंत्री थानाभवन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद पोषण अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका का मिशन के कार्यक्रम में बतौर अतिथि शिरकत करेंगी। निरीक्षण के समय सांसद कैराना प्रदीप चौधरी, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, डीएम जसजीत कौर, एडीएम संतोष कुमार सिंह आदि जिला स्तरीय अधिकारी व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शामली नंदू प्रसाद मोहल्ले में वाल्मीकि समाज के लोगों की समस्याएं सुनती कैबिनेट मंत्री बेबी रानी- फोटो : SHAMLI