फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसानों को पीटने पर भड़का गुस्सा

Sun, 13 May 2018 11:36 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ शामली
विज्ञापन
कोतवाली में बैठे भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत और राजनीतिक दलों के नेता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शामली शहर में शुगर मिल रोड पर शनिवार रात पुलिसकर्मियों ने किसानों को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। एक किसान को पकड़कर थाने ले गए और बांधकर पिटाई की। आक्रोशित किसानों ने रविवार सुबह कोतवाली में हंगामा कर दिया। भाकियू नेताओं के साथ ही भाजपा, सपा और रालोद नेता भी किसानों के पक्ष में पहुंच गए। करीब चार घंटे तक हंगामा चला। जिसके बाद तीन दरोगा, एक एचसीपी, एक कांस्टेबल सहित छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने पर मामला शांत हुआ। अधिकारियों ने आरोपी पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर भी कर दिया है। झिंझाना रोड स्थित गांव टिटौली निवासी राहुल पुत्र जिले सिंह शनिवार रात करीब 11 बजे ट्रैक्टर ट्राली में गन्ना लादकर शामली शुगर मिल में जा रहा था। मिल गेट से मार्ग तक गन्ना लदे वाहनों की लाइन लगी हुई थी। इसी दौरान गन्ने से लदी किसी ट्राली की टक्कर लगने से थाने की दीवार और गेट टूट गया। आरोप है कि वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मियों ने किसानों को पीटना शुष् कर दिया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान राहुल अपने ट्रैक्टर पर बैठा रहा। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरु कर दी। विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने उसको पीटना शुरू कर दिया तथा उसको कोतवाली में ले आए। आरोप है कि थाने में भी उसको पीटा गया। इसकी खबर गांव तक पहुंची तो सैकड़ों किसान रात में ही थाने में पहुंच गए और हंगामा कर दिया। इसके बाद सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया तथा घायल राहुल को अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया। इस मामले को लेकर रविवार पूर्वाह्न 11 बजे किसान भाकियू के प्रदेश सचिव विनोद निर्वाल, प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार, पप्पू मालैंडी और किसान नेता राजवीर मुंडेट के नेतृत्व में किसान इकट्ठा होकर कोतवाली पहुंच गए। घायल राहुल के परिजन सुरेंद्र, सतेंद्र, हरवेंद्र आदि भी वहां आ गए, जिसके बाद कोतवाली में धरना दिया। 12.30 बजे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी पहुंच गए। किसानों की मांग थी कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई तथा उनको निलंबित किया जाए। धरने की सूचना पर सपा नेता प्रोफेसर सुधीर पंवार, रालोद नेता अशरफ अली खान भी कोतवाली पहुंच गए। वहीं, मुजफ्फरनगर से भाजपा सांसद संजीव बालियान, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार और हरबीर मलिक भी कोतवाली पहुंचे और किसानों का पक्ष लेते हुए उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। अपराह्न करीब तीन बजे अपर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार कोतवाली में पहुंचे और किसान नेताओं से बात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ और साढ़े चार बजे धरना समाप्त कर दिया गया। एएसपी ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है तथा जांच कराई जा रही है। इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट घायल किसान राहुल की तहरीर के आधार पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिनमें उपनिरीक्षक सत्यनारायण दाहिया, उपनिरीक्षक लविक त्यागी, उपनिरीक्षक विनीत मलिक, एचसीपी डालचंद, कांस्टेबल आदित्य को नामजद किया गया है, जबकि एक अज्ञात पुलिसकर्मी बताया है। मुकदमे में बलवे, मारपीट हड्डी फ्रेक्चर होना और गाली गलौज की धारा लगाई गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें