विदेश में टूर पर सुविधा का झांसा देकर लाखों की ठगी
शामली। मोहल्ला नंदू प्रसाद निवासी संजीव कुमार ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह और उसके अन्य तीन साथी सिंगापुर, मलयेशिया और बैंकाक आदि में घूमने के लिए गए थे। इसके टिकट के लिए करनाल निवासी एक टिकट ब्रोकर ने उनसे कहा था कि वह उनके आने-जाने की व्यवस्था करा देगा। कहा था कि वह यात्रा के दौरान सभी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगा। इसके लिए आरोपी ने उनसे 2.80 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए और 1.20 लाख रुपये नकद लिए। आरोप है कि आरोपी ने उनसे सुविधाओं के नाम पर जो रकम ली थी, उसमें उन्हें कोई सुविधा नहीं दी और धोखे से रकम हड़प ली। कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि इस संबंध में तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।