शामली। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी विद्युत सखियों ने बिजली के बिल जमा कराकर निगम का खजाना भर दिया है। इस साल में अभी तक 14 करोड़ से अधिक की वसूली विद्युत सखियों ने की है। हर माह कुछ सखियां 29 लाख तक की भी वसूली कर रही है। ऊर्जा निगम फिर से अधिक वसूली करने वाली सखियों को सम्मानित करेगा। जिसके लिए ब्योरा तैयार कराया जा रहा है।
जिले में डेढ़ लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं पर विभाग का 260 करोड़ से अधिक रुपया बकाया है। कुछ समय पूर्व ही विभागीय अधिकारियों ने जिलेभर में विद्युत सखियां तैनात की थी, जिन्हें बिजली बिल वसूली की जिम्मेदारी सौंपी गई। एसई नरेश कुमार और एनएचआरएलएम के मैनेजर पंकज कुमार ने बताया कि सखियां अभी तक 14 करोड़ से अधिक की वसूली कर चुकी है। हसनपुर की सखी अनिता ने अभी तक तीन करोड़ से अधिक रुपये वसूले हैं। इसके अलावा थानाभवन की राशिदा 25 लाख से अधिक, मीनाक्षी, ममता भी हर माह तीन से चार लाख की बिलिंग करा रही है। जिलेभर में 92 सखियां काम कर रही हैं।
बिलिंग के लिए किया गया सम्मानित
विद्युत सखियों ने उत्साह से कार्य किया। इसमें कई सखियों को अच्छी बिलिंग के लिए सम्मानित भी किया गया। लेकिन 230 ग्राम पंचायतों में महज 92 विद्युत सखी पर्याप्त नहीं थी। शासन ने हर गांव में एक-एक विद्युत सखी को नियुक्त करने का निर्णय लिया है। जल्द ही अन्य गांवों में भी सखियां तैनात की जाएगी। जिले के ऊन ब्लाक में सर्वाधिक 24 विद्युत सखी तैनात हैं, जबकि कैराना व शामली ब्लाक में 17-17 विद्युत सखी है।
अधिकारियों के मुताबिक, विद्युत सखियों का चयन करने के बाद मुख्यालय से उनकी आइडी जनरेट की जाएगी। आइडी और विद्युत सखी का खाता बिजली विभाग से लिंक होगा। विद्युत सखियों द्वारा मीटर रीडिंग इंस्ट्रूमेंट से रीडिंग दर्ज की जाएगी। जहां विद्युत सखियां सक्रिय रूप से काम करना शुरू कर देंगी, वहां से मीटर रीडर्स का काम समाप्त भी होता जाएगा।
वर्तमान में ब्लाक क्षेत्र में विद्युत सखी
ब्लाक संख्या
शामली 17
कैराना 17
कांधला 16
थानाभवन 18
ऊन 24
कुल 92
विद्तुत सखियां सराहनीय कार्य कर रही है। जिले की समस्त 230 ग्राम पंचायतों में विद्युत सखियों की तैनाती की जाएगी। शासन से आदेश मिलने के उपरांत विद्युत सखी की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार चयन कर अग्रिम कार्रवाई शुरू की जाएगी। - पंकज कुमार, मैनेजर एनएचआरएलएम, शामली