कांधला। कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी एक व्यक्ति ने कस्बे के ही चार लोगों पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी इरफान पुत्र इस्लाम ने कई वर्ष पूर्व कस्बे के बाईपास रोड पर क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी हारून पुत्र जहूर से तीन दुकान खरीदी थी। इरफान का आरोप है कि तय रकम के अनुसार उसने हारून को 29 लाख रुपये अदा कर दिए थे। कुछ दिन बाद हारून ने उनके नाम दो दुकानों का बैनामा कर दिया था और तीसरी दुकान का बैनामा कुछ दिन बाद करने की बात कही थी। लेकिन उसने यामीन पुत्र मनफूल व गुलफाम पुत्र लतीफ के साथ सांठगांठ करते हुए कस्बे के ही राजेश सैनी पुत्र महेंद्र सैनी के नाम धोखाधड़ी से तीसरी दुकान का बैनामा करा दिया। उसने जब हारून, यामीन व गुलफाम से इस बात का विरोध किया तो आरोप है कि तीनों लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित ने चारों लोगों के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।