थानाभवन। पुलिस ने कस्बे की एक बाइक एजेंसी से ठगी करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
कस्बे की रत्ना एक ऑटो एजेंसी के मालिक मनोज ने 14 नवंबर को तहरीर देकर बताया था कि एक अंजान व्यक्ति उसकी एजेंसी पर आया। इस दौरान उसने दो बाइक खरीदी। भुगतान के दौरान उक्त व्यक्ति ने उसे 57 हजार 500 रुपये का चेक और बाकी पैसे नकद दिए। जब वह अगले दिन चेक लेकर बैंक पहुंचा तो पता चला कि वह नकली चेक है। इस पर पीड़ित ने थाने में शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तब मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार सुबह के समय घटना के आरोपी रोहित शर्मा निवासी मिमलाना रोड मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के बाद आरोपी के पास ठगी कर ली गई दोनों बाइक भी बरामद हो गई। पुलिस ने बताया कि कुछ समय इसी आरोपी ने कस्बे की एक दुकान से भी फर्जी चेक देकर पांच एलईडी खरीद ली थी। उस समय भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल आरोपी जमानत पर बाहर चल रहा था। शनिवार को आरोपी का चालान कर उसे कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा।