- हसनपुर लुहारी के बैंक में एक व्यक्ति ने पूर्व मैनेजर सहित दो दर्जन लोगों को ठगा
- एक व्यक्ति ने थाने में की शिकायत, अन्य लोग काट रहे आरोपी के घर के चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी में केसीसी जमा कराने के नाम पर ठगी का मामला प्रकाश में आया है। एक पीड़ित व्यक्ति ने थाने में शिकायत कर करवाई की मांग की है। करीब दो दर्जन लोगों से ढ़ाई करोड़ की ठगी हुई है।
बागपत के बिनौली क्षेत्र के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक अजय गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह पूर्व में हसनपुर लुहारी गांव के बैंक में प्रबंधक के पद पर नियुक्त थे। उस समय हसनपुर लुहारी गांव में स्थित भारतीय स्टेट बैंक में चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बलवाखेड़ी गांव निवासी एक व्यक्ति आता था। जिसने उन्हें बहला फुसलाकर लोगों की केसीसी जमा कराने के नाम पर कुछ समय पहले उनसे 40 लाख रुपये ले लिए। बताया कि कुछ समय तक वह व्यक्ति उन्हें ब्याज देता रहा, लेकिन बाद में उसने रकम देने से मना कर दिया।
बताया कि उसके बाद लगातार वह आरोपी के घर के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन वह पैसे देने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि इस मामले में वह एक अकेले पीड़ित नहीं बल्कि करीब दो दर्जन लोगों से आरोपी ने करीब ढाई करोड़ रुपये की ठगी की है। इस संबंध में पीड़ित लोगों की ओर से कुछ दिन पूर्व बलवाखेड़ी गांव में पंचायत का भी आयोजन किया गया था। लेकिन वह आरोपी उस पंचायत में शामिल ही नहीं हुआ। इस दौरान करीब दो दर्जन लोगों ने थाने में तहरीर देकर करवाई की मांग की है।
ऐसे की गई ठगी
सूत्रों के अनुसार अक्सर कई किसानों के पास केसीसी का पैसा जमा कराने के लिए पर्याप्त पैसा नहीं होता था। ऐसे में यह आरोपी किसानों को पैसा मुहैया कराता था। केसीसी का पैसा जमा कराने के बाद अगले दिन किसान दोबारा यह पैसा निकाल लेते थे। एक दिन की एवज में आरोपी एक लाख पर एक हजार रुपये ब्याज लेता था। किसानों का यह पैसा जमा कराने के लिए आरोपी ने पूर्व मैनेजर सहित करीब दो दर्जन लोगों को अतिरिक्त ब्याज का लालच देकर करीब ढ़ाई करोड़ रुपये ठग लिए। जब आरोपी लोगों के पैसे देने में आनाकानी करने लगा तो मामला प्रकाश में आना शुरु हुआ।