शामली। डेंगू व मलेरिया का प्रकोप बढ़ रहा है। जिले में डेंगू के दस रोगी मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लार्वा जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। जिस गांव और कस्बे में टीम पहुंचने का दावा कर रही है, वहां के चेयरमैन और प्रधान कह रहे हैं कि टीम तो यहां आई ही नहीं।
डेंगू व मलेरिया को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लार्वा जांच के लिए दो टीम का गठन किया हुआ है। सोमवार को टीम ने बनत, बघेव, मुंडेट व शामली शहर की पंजाबी काॅलोनी में पहुंचने का दावा किया। मगर लोगों ने टीमों के पहुंचने की बात से साफ इंकार किया। बनत कस्बे के चेयरमैन पति धर्मबीर ने बताया कि टीम दस दिन पहले कस्बे में आई थी और वहां जांच करने के बाद चली गई थी। सोमवार को टीम के आने की उन्हें कोई सूचना तक नहीं मिली है। मुंडेट गांव के प्रधान पति सुनील का कहना है कि उनके गांव में कोई टीम नहीं पहुंची, न ही कोई जांच की गई। जिला मलेरिया अधिकारी से बात की गई तो पहले तो उन्होंने बनत, बघेव, मुंडेट व शामली शहर की पंजाबी काॅलोनी में टीमों के जांच कर लार्वा एकत्रित करने की बात कहीं। बाद में प्रधान पति द्वारा टीमों के नहीं पहुंचने की बात बताने पर कहा कि टीमें सिर्फ बनत के कस्तूरबा और उच्च प्राथमिक विद्यालय में गई थी।
जिला अस्पताल व सीएचसी में बढ़े मरीज
सरकारी अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी भी बढ़कर 800 से एक हजार तक पहुंच गई है। अस्पतालों में बुखार, मलेरिया, टायफाइड आदि के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के कक्षों में रोगियों की भीड़ है। सरकारी अस्पतालों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। जनपद में अभी तक दस मरीज डेंगू के मिल चुके हैं।
सीएचसी का सीएमओ ने निरीक्षण किया
सोमवार को सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बुखार, मलेरिया के मरीज अधिक आने के कारण सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं को देखा और मरीजों से बातचीत की। उन्होंने चिकित्सकों को ठीक से मरीजों का उपचार करने के निर्देश दिए। उनके साथ सीएचसी अधीक्षक डाॅ. रामनिवास मौजूद रहे।
हर रविवार को लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करेगा स्वास्थ्य विभाग
जिस तरह से बीमारी फैल रही है और उसको लेकर स्वास्थ्य विभाग भी लोगों को जागरूक कर रहा है।। विभाग ने अब लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया है। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि अब लोगों को हर रविवार को कूलर, फ्रिज आदि की सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए आशा और एएनएम को लगाया जाएगा और उनको लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी। वह घर-घर जाकर लोगों को पानी एकत्र न होने देने व साफ सफाई पर अधिक ध्यान की शपथ भी दिलाएंगी।