कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
कांधला। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दो नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। जांच अधिकारी विजय त्यागी ने बताया कि प्राचीन रामलीला पंचवटी मंडप ट्रस्ट अध्यक्ष भृगुवंशी आशुतोष पांडेय ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत कराया है। जिसमें रामलीला कमेटी के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर चंदे के नाम पर लाखों रुपये का गबन का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी रामकुमार सिंघल, श्याम कुमार सिंघल, मोहल्ला रायजादगान निवासी सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। जांच व वादी के बयान अभी भी बाकी है। जिसमें पूरी विवेचना के बाद न्यायालय के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। मामले में जांच अधिकारी विजय त्यागी पुलिस रामलीला मंडल भवन पर मामले की जांच करने के लिए पहुंचे। मौके पर वादी सहित आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर अभियोग पंजीकृत करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।