शामली। लोगों के लिए खुशखबरी है। साईंधाम के पास सहारनपुर रोड पर चार लेन का उपरिगामी पुल स्वीकृत हो गया है। पुल स्वीकृत होने के बाद विभागीय अधिकारियों की टीम ने मापतोल का काम शुरू कर दिया है। पुल के साथ-साथ सर्विस लेन का भी निर्माण कराया जाएगा।
मेरठ-करनाल हाईवे और बाईपास का निर्माण करने वाली कंपनी सहारनपुर रोड क्राॅस जंक्शन पर उपरिगामी पुल का निर्माण कराएगी। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही कंपनी उपरिगामी पुल का निर्माण कार्य शुरू कर देगी। जिले में दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे पर बलवा रेलवे पुल को छोड़कर शामली बाईपास, मेरठ-करनाल हाईवे का टपराना-शामली बाईपास, पानीपत-खटीमा हाईवे का तहसील के पास बनत बाईपास और पानीपत खटीमा हाईवे का बलवा कंडेला बाईपास का कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि बलवा में रेलवे का उपरिगामी पुल इसी माह 25 दिसंबर को चालू होने की संभावना है।
लोगों की मांग पर बलवा में दिल्ली- शामली, सहारनपुर हाईवे पर उपरिगामी पुल, शामली तहसील और सहारनपुर क्राॅस जक्शन और गोहरनी गांव में शामली भैंसवाल मार्ग और बधेव में नए उपरिगामी पुल का प्रस्ताव बनाकर एनएचएआई इकाई बागपत के माध्यम से एनएचएआई नई दिल्ली को भेजा गया था। लंबी प्रतीक्षा के बाद नई दिल्ली एनएचएआई मुख्यालय से दिल्ली- शामली, सहारनपुर हाईवे पर साईधाम के पास सहारनपुर क्राॅस जंक्शन पर चार लेन का अंडरपास युक्त उपरिगामी पुल स्वीकृत हो गया है।
मेरठ-करनाल हाईवे की दिनेश चंद अग्रवाल कंपनी इस उपरिगामी पुल का निर्माण कराएगी। निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों की टीम ने रविवार को सहारनपुर क्राॅस जंक्शन पर मापतौल की। निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों की टीम ने बताया कि जल्द ही उपरिगामी पुल का निर्माण शुरू हो जाएगा। मेरठ करनाल हाईवे की निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर केपी सिंह ने बताया कि सहारनपुर रोड पर अंबा विहार से लेकर क्राॅस जक्शन चार लेन का हाईवे निर्माण के लिए पेड़ों के कटान की अनुमति आने की संभावना है। सहारनपुर रोड पर अंबा विहार तक उपरिगामी पुल के साथ हाईवे का चौड़ीकरण किया जाएगा। एनएचएआई बागपत के निवर्तमान परियोजना प्रबंधक पीके सिंहा ने बताया कि दिल्ली- शामली, सहारनपुर रोड पर चार लेन का उपरिगामी पुल का निर्माण किया जाएगा।
बागपत इकाई के परियोजना निदेशक नरेंद्र कुमार सिंह बने
शामली। एनएचएआई के बागपत इकाई के परियोजना निदेशक पी के सिंंहा का तबादला दिल्ली हो गया है। उन्होंने अपना कार्यभार छोड़ दिया। बागपत के नए परियोजना निदेशक के रूप में नरेंद्र कुमार सिंह की तैनाती हुई है। उन्होंने कार्यभार ग्रहण कर लिया।