दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में चार घायल
शामली, कांधला। थाना क्षेत्र के बुढ़ाना मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के निकट दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 108 एंबुलेंस ने सभी घायलों को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
सोमवार की देर शाम कस्बा निवासी सनव्वर अपने साथी वसीम के साथ बाइक पर सवार होकर बुढ़ाना से कस्बे में अपने घर आ रहा था। दूसरी ओर, क्षेत्र के गांव भारसी निवासी सतीश, अपने साथी सुमित के साथ बाइक पर सवार होकर कस्बे से अपने गांव जा रहा था। बुढ़ाना मार्ग पर पेट्रोल पंप के निकट दोनों बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 108 एंबुलेंस ने घायलों को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने सनव्वर व सतीश की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सनव्वर ने आरोप लगाया कि दूसरी बाइक पर सवार युवकों ने गलत दिशा में आकर उनकी बाइक में टक्कर मारी है। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि हादसे की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।