शामली। सोमवार को लखनऊ में होने वाली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए जिले के दो उद्यमी लखनऊ पहुंच गए हैं। जिले के 1393.37 करोड़ रुपये के उद्योगों का शिलान्यास होगा। उद्यमियों के लिए जिले में शामली, कैराना, और थानाभवन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
सोमवार को यूपी में उद्योगों के निवेश के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी। जिसमें शामली के उद्योगपति अशोक बंसल और साइमा के चेयरमैन अंकित गोयल शामिल होने के लिए रविवार को रवाना हो गए। दोनों ने बताया कि यूपी में उद्योगों के निवेश के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के कार्यक्रम के बाद सोमवार की शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के उद्यमियों को अपने आवास पर बुलाया है। जिला उद्योग केंद्र की उपायुक्त जैसमीन फौजदार ने बताया कि शामली में 1393.37 करोड रुपये के उद्योगों का शिलान्यास मुख्यमंत्री करेंगे। दस करोड़ रुपये से नीचे वाले उद्यमियों के लिए जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम होगा। जिला मुख्यालय पर दोपहर बारह बजे कैराना रोड पर एक होटल में कार्यक्रम होगा। शामली में मेरठ के सांसद राजेंद्र अग्रवाल,थानाभवन में भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह और कैराना में राज्यसभा सांसद विजयपाल तोमर बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।