शामली में पैदल मार्च करते आरएफ के जवान।
शामली। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ पैदल मार्च किया। उधर, शाम को एसपी अभिषेक ने पुलिस व पीएसी बल के साथ गांव लांक और लिसाढ़ में भ्रमण किया।
बृहस्पतिवार को शहर कोतवाली पुलिस और आरआरएफ के जवानों के साथ शहर के बड़ा बाजार, गांधी चौक, कबाड़ी बाजार, वीवी इंटर कॉलेज रोड समेत मुख्य मार्गों व बाजारों में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पैदल मार्च निकाला गया। उधर, शाम को एसपी अभिषेक ने पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ गांव लांक व लिसाढ़ में पैदल भ्रमण किया और लोगों से संपर्क कर उनकी समस्याएं जानी। एसपी ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध करते हुए कहा कि अगर कोई भी कहीं पर कोई शरारत या शांति भंग करने की कोशिश करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दे। ऐसे असामाजिक तत्वों व खुराफातियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एएसपी ओपी सिंह, सीओ सिटी बिजेंद्र सिंह भड़ाना और कोतवाली प्रभारी आदि मौजूद रहे।