शामली में डाक कांवड में गंगा जल लेकर दौड लगाते शिव भक्त
शामली। हरिद्वार से जल लेकर आने वाले शिवभक्तों में अब डाक कांवड़ियों की संख्या बढ़ी है। बुधवार को डाक कांवड़ियों का सैलाब रहा। जिसके कारण शहर में दिनभर जाम लगा रहा। जाम के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़कों पर डाक कांवड़िये दौड़ते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़े। बुधवार को शहर से गुजरने वाले डाक कांवड़ियों की संख्या अधिक रही। तहसील रोड से लेकर शिव चौक, कैराना रोड पर हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, रोहतक, हिसार, भिवानी और सिरसा के शिवभक्त दौड़ते हुए नजर आए। कार-बाइक और अन्य वाहन भी सड़कों पर थे जिस कारण यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई।
मार्ग पर दोनों और कांवड़ियों का कब्जा होने के कारण आम लोगों को परेशानी हुई और शहर जाम से जूझता रहा। डाक कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर धीमानपुरा रेलवे फाटक के पास से दुपहिया वाहनों को भी कृषि विभाग के कार्यालय के पास से निकाला गया। एएसपी संतोष कुमार ने बताया कि डाक कांवड़ियों की संख्या बृहस्पतिवार को और भी अधिक रहेगी। इसी को लेकर व्यवस्था भी बनाई जा रही है।
एएसपी ने बताया कि एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों के अलावा ड्रोन से भी कांवड़ मार्गों की निगरानी की जा रही है। एडीएम संतोष कुमार ने बताया कि मुजफ्फरनगर में तैनात एटीएस ही शामली में भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी।
शामली में डाक कांवड में गंगा जल लेकर दौड लगाते शिव भक्त