शामली। अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के दौरान शुक्रवार जनपद की तीनों तहसील क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा संबंधी जन जागरूकता अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने अग्निशमन द्वितीय अधिकारी आलोक सिंह के साथ औद्योगिक क्षेत्र के उद्योग में निरीक्षण व परीक्षण करते हुए उन्हें अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में गन्ने के कोल्हू, स्कूल, पेट्रोल पंप आदि पर अग्निकांडों को रोकने और आग से बचाव के उपायों के संबंध में फायर सर्विस यूनिट तहसील ऊन की ओर से भी लोगों को जागरूक किया गया। तहसील कैराना क्षेत्र में भी फायर सर्विस यूनिट कैराना की ओर से भी जन जागरूकता अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आगे भी इसी तरह से अभियान चलाए जाएंगे।